Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल टी20 वर्ल्ड कप: कलुगामागे ने 18 रन देकर निकाले 3 विकेट, इटली...

टी20 वर्ल्ड कप: कलुगामागे ने 18 रन देकर निकाले 3 विकेट, इटली ने नेपाल को सिर्फ 123 रन पर समेटा

0
27

मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल ने वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में इटली को जीत के लिए सिर्फ 124 रन का टारगेट दिया है।

मुकाबले में इटली ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इस टीम को कुशल भुर्तेल (5) के रूप में 8 के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद कप्तान रोहित पौडेल ने आसिफ शेख के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 49 के स्कोर तक पहुंचाया।

रोहित 14 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ ने 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 20 रन टीम के खाते में जोड़े। नेपाल ने 49 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आसिफ शेख के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 93 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

दीपेंद्र ने 18 गेंदों में 17 रन की पारी खेली, जबकि आरिफ 24 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए। इनके अलावा, करण केसी ने 18 रन की नाबाद पारी खेली। नेपाल की टीम 19.3 ओवरों में 123 के स्कोर पर सिमट गई।

इटली की तरफ से क्रिशन कलुगामागे ने 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि बेन मानेंटी ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

नेपाल की टीम अपने पिछले मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 4 रन के करीबी अंतर से हारी थी। ऐसे में यह टीम इस मुकाबले को जीतकर सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखना चाहेगी।

नेपाल की प्लेइंग इलेवन: कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दीपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ शेख, लोकेश बाम, गुलशन झा, करण केसी, नंदन यादव, संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी।

इटली की प्लेइंग इलेवन: एंथनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, जेजे स्मट्स, हैरी मैनेंटी (कप्तान), बेन मैनेंटी, मार्कस कैम्पोपियानो, ग्रांट स्टीवर्ट, जियान मीडे (विकेटकीपर), जसप्रीत सिंह, क्रिशन कलुगामागे और अली हसन।