Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध बेंगलुरु में 7.11 करोड़ की बड़ी डकैती केस में चार्जशीट दाखिल, 9...

बेंगलुरु में 7.11 करोड़ की बड़ी डकैती केस में चार्जशीट दाखिल, 9 आरोपियों पर मुकदमा

0
26

बेंगलुरु, 12 फरवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरु सिटी पुलिस ने शहर की सबसे चर्चित डकैती केस में बड़ी सफलता हासिल की है। सिद्दापुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज 7.11 करोड़ रुपए की नकदी वैन लूट के मामले में जांच पूरी हो गई है और पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।

यह घटना पिछले साल 19 नवंबर 2025 को हुई थी, जब बदमाशों ने आरबीआई अधिकारियों का भेष बनाकर एटीएम के लिए जा रही सीएमएस इंफोसिस्टम्स की कैश वैन को रोक लिया था। उन्होंने कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर धमकाया और पूरी रकम लूटकर फरार हो गए थे।

केस क्राइम नंबर 191/2025 के तहत दर्ज किया गया था। जांच अधिकारी ने 9 आरोपियों के खिलाफ 56वें एसीएमएम कोर्ट में मजबूत चार्जशीट पेश की है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें डकैती, गलत तरीके से रोकना और कैद करना, सबूत मिटाना, आपराधिक साजिश और धमकी देना शामिल है।

पुलिस ने इस केस को साबित करने के लिए 129 ठोस सबूत इकट्ठा किए हैं। इनमें चश्मदीद गवाहों के बयान, महत्वपूर्ण तकनीकी सबूत जैसे सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन डेटा, साथ ही फोरेंसिक प्रमाण जैसे फिंगरप्रिंट शामिल हैं। जांच के दौरान पुलिस ने पूरे 7.11 करोड़ रुपए बरामद कर लिए थे और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल था। यह लूट इनसाइडर की मदद से प्लान की गई थी, जिसमें कैश वैन के स्टाफ और पूर्व कर्मचारी शामिल थे।

पुलिस उप आयुक्त (दक्षिण प्रभाग) ने टीम की सराहना की है। जांच अधिकारी एसीपी जयनगर और उनकी टीम ने तेजी से काम किया, जिससे इतने बड़े फाइनेंशियल क्राइम में जल्दी चार्जशीट दाखिल हो सकी। यह पुलिस विभाग की गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई और समयबद्ध जांच की प्रतिबद्धता को दिखाता है। अब कोर्ट में ट्रायल शुरू होगा और पुलिस मामले को अंत तक मॉनिटर करेगी ताकि न्याय सुनिश्चित हो।