कोयंबटूर, 16 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु में कोयंबटूर शहर के सिंगनल्लूर इलाके में रविवार देर रात पान शॉप में अज्ञात बदमाशों ने 70 से अधिक सोने के सिक्के और 20 किलो चांदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
दुकान मालिक रमेश कुमार ने बताया कि उनकी दुकान घर के पास ही है और वह दुकान के पीछे स्थित अपने मकान में रहते हैं। रविवार रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर मंदिर गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने दुकान के पिछले हिस्से का शटर तोड़ दिया और अंदर घुस गए। आरोपियों ने दुकान में रखी तिजोरी को काटकर उसमें रखा कीमती सामान निकाल लिया और फरार हो गए।
रमेश ने बताया कि चोर दुकान से करीब 70 से अधिक सोने के सिक्के और लगभग 20 किलोग्राम चांदी सहित कई अन्य जेवर भी ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
रात में जब रमेश कुमार घर लौटे तो उन्होंने दुकान का टूटा हुआ शटर देखा। अंदर जाकर जांच करने पर सोने के सिक्के और चांदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंगनल्लूर पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए स्निफर डॉग की मदद ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता चल सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विशेष टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोगों की पहचान की गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना में कितने लोग शामिल थे, अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मालिक रमेश के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

