जयपुर, 16 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 3-3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में लगी भीषण आग से हुई जनहानि अत्यंत हृदयविदारक एवं दुखद है। दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना से खड़ी है। मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 3-3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता तत्काल सुनिश्चित की जाए।”
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, “भिवाड़ी की केमिकल एवं पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल और धैर्य दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं।”
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर सवाल भी उठाए।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दुख जताते हुए कहा कि जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी दर्दनाक घटनाएं चिंता का विषय हैं। राज्य सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं होना बताता है कि सुरक्षा मानकों और निगरानी में गंभीर कमी है। सरकार को सुरक्षा व्यवस्था, निरीक्षण और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस त्रासदी का शिकार न हो। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है।

