Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन,...

एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर पुलिस का एक्शन, 4 गिरफ्तार

0
23

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एआई समिट के बीच प्रदर्शन करने वालों पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस ने एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वालों पर कई धाराओं में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों पर कुछ गंभीर धाराएं भी लगाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार, समिट में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ भी बदसलूकी की है। दिल्ली पुलिस इसे एक बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ हाथापाई भी की है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में प्रदर्शनकारियों ने खुलासा किया कि उनकी काली छतरी लेकर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने का प्लान था। हालांकि, पकड़े जाने के डर से उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बाद टी-शर्ट प्रिंट करवाई गई, जिससे उसे जैकेट के अंदर आराम से छिपाकर ले जाया जा सके।

अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिरकार टी-शर्ट कहां से प्रिंट करवाई गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने नर्सिम्बा यादव, नेशनल कोऑर्डिनेटर, यूथ कांग्रेस को भी पकड़ा है।

वहीं, अब इस मामले को लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की आलोचना की है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाए कि राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ता समिट में गए और भारत का अपमान करने वाला कृत्य किया।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि उसके लिए एआई का मतलब एंटी-इंडिया है। यह आईएनसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस) नहीं, बल्कि एएनसी (एंटी नेशनल कांग्रेस) है।”

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि एआई समिट में बिना शर्ट के किया गया विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रची गई एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा का सक्रिय परामर्श शामिल था।

पात्रा ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर देश को शर्मिंदा करने और उसकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। इस शर्मनाक कृत्य के लिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराते हुए दावा किया कि पूरी साजिश राहुल गांधी के आवास पर रची गई थी।