टी20 वर्ल्ड कप: श्रीलंका को रौंदकर इंग्लैंड ने अपने नाम किए ये बड़े रिकॉर्ड्स

0
7

पल्लेकेले, 22 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को इंग्लैंड ने एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका को 51 रनों से हराया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने कई बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए।

इंग्लैंड की यह टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत रही। इसके साथ ही इंग्लैंड ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में श्रीलंका के खिलाफ लगातार 12वें मुकाबले में जीत दर्ज की है।

मैच में इंग्लैंड की ओर से सात विकेट स्पिन गेंदबाजों ने चटकाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में एक नया रिकॉर्ड भी है। टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड अपने चौथे सबसे छोटे लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करने में सफल रही। इसके साथ ही टी20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ यह डिफेंड किया गया दूसरा सबसे छोटा टारगेट भी है।

इंग्लैंड से मिले 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम महज 95 रन बनाकर सिमट गई। श्रीलंका का यह टी20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है।

इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों के आगे श्रीलंका का बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। श्रीलंका की तरफ से कप्तान दासुन शनाका ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स की घूमती गेंदों का जादू खूब चला और उन्होंने सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट निकाले।

इससे पहले इंग्लैंड ने फिल साल्ट की 40 गेंदों पर खेली गई 62 रनों की दमदार पारी के बूते 20 ओवर में 146 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। साल्ट ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 सिक्स लगाए। वहीं, विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड सुपर-8 के दूसरे ग्रुप में नंबर एक पर पहुंच गई है। 24 फरवरी को इंग्लैंड की अगले मैच में भिड़ंत पाकिस्तान के साथ होगी।