Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सुविंदर विक्की के कायल हुए मिहिर अहूजा, बोले- असल जिंदगी में बहुत...

सुविंदर विक्की के कायल हुए मिहिर अहूजा, बोले- असल जिंदगी में बहुत हंसमुख हैं

0
27

मुंबई, 27 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता मिहिर अहूजा हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘शब्द: रीत और रिवाज’ में नजर आ रहे हैं। सीरीज में उनके अभिनय की जमकर तारीफ हो रही है। वे इस शो में घुप्पी सिंह नाम के मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं।

अभिनेता ने हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अपने को-स्टार सुविंदर विक्की की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि वे अपने किरदार से बेहद अलग हैं। उन्होंने कहा, “सर शो में जैसे दिखते हैं, असल जिंदगी में वैसे नहीं हैं। वे बहुत हंसमुख और मजाकिया इंसान हैं। उनकी गर्मजोशी की वजह से हम पूरी रात जागते थे। मेरा मानना है कि अगर सेट पर अच्छा माहौल और ऊर्जा हो, तो काम के लंबे घंटे या मुश्किल हालात भी आसान लगने लगते हैं। जब आपके साथ काम करने वाले लोग अच्छे और अपने काम के प्रति जुनूनी हों, तो हर चुनौती आसान हो जाती है।”

शूटिंग के दौरान आए इमोशनल और मुश्किल सीन के बारे में बताया गया है। अभिनेता ने बताया कि ऐसे समय में खुद को शांत और स्थिर रखना बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा, “जब आप बाहर के इलाकों में शूटिंग करते हैं, तो कई तरह की परेशानियां आती हैं। कई बार आम सुविधाएं मिलना भी मुश्किल होता है, जिससे कभी-कभी मानसिक रूप से थकान हो जाती है, तो ऐसे समय में म्यूजिक ने मेरी बहुत मदद की थी।”

उन्होंने आगे बताया कि सेट पर एक वायरल फैलने के कारण सभी लोग बीमार पड़ गए थे, लेकिन इसके बावजूद सेट का माहौल बहुत पॉजिटिव था।

यह सीरीज पारिवारिक मूल्यों, संगीत की विरासत और युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं के बीच के संघर्ष को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करती है। ”शब्द: रीत और रिवाज’ छह एपिसोड में बुनी गई एक संवेदनशील पारिवारिक कहानी है। इसमें सभी सदस्य धर्म, परंपराओं और परिवार की उम्मीदों से बंधे हैं। कहानी घुप्पी नाम के एक टीनएजर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे हकलाने की समस्या है। घुप्पी का फुटबॉल के प्रति जुनून उसके पिता के सपनों और उम्मीदों से बिलकुल अलग है। उसके पिता एक प्रतिष्ठित गायक हैं, जो चाहते हैं कि उनका बेटा परिवार की संगीत विरासत को आगे बढ़ाए।

इस वेब सीरीज में मुख्य भूमिका में अभिनेता सुविंदर विक्की और मिहिर आहूजा नजर आएंगे, जबकि माही राज मिहिर की बहन और तरणजीत कौर मिहिर की मां की भूमिका निभाएंगी। यह सीरीज 6 फरवरी से जी5 पर स्ट्रीम हो रही है।