मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने ईरान-इजरायल हमले की निंदा की, डिप्लोमैटिक रास्ता अपनाने की अपील की

0
9

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल ने ईरान के खिलाफ प्रिवेंटिव एयरस्ट्राइक किया। इजरायल के ऑपरेशन रोअरिंग लॉयन में अमेरिका भी शामिल हो गया है और ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैनिक कार्रवाई कर रही है। मिडिल ईस्ट में इस वक्त जंग के हालात बने हुए हैं। वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हमले की कड़ी निंदा की है और सभी देशों से डिप्लोमैटिक रास्ता अपनाने की अपील की।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा, “ईरान पर इजराइली हमले और उनके साथ हुई अमेरिकी सैन्य कार्रवाई, मिडिल ईस्ट को तबाही के कगार पर ले आई है। इजरायल का ये हमला शुरू करना चल रही बातचीत को रोकने और दूसरे देशों को एक ऐसे झगड़े में घसीटने की एक घटिया कोशिश थी जिसे रोकना नामुमकिन साबित हो सकता है।”

मलेशियाई पीएम ने आगे कहा, “दुश्मनी को तुरंत और बिना किसी शर्त के खत्म करना बहुत जरूरी है। मैं अमेरिका और ईरान से गुजारिश करता हूं कि वे इसे और बढ़ाने के बजाय एक डिप्लोमैटिक रास्ता अपनाएं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी गुजारिश करता हूं कि वह बिना किसी दोहरे मापदंड के तुरंत काम करे।”

उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा, इस समय मेरी चिंता ईरान और इलाके में दूसरी जगहों पर मलेशियाई लोगों की सुरक्षा है। मैं इस बारे में अगले कदमों के बारे में क्षेत्रीय साझेदारों के साथ संपर्क में रहूंगा।

सऊदी अरब ने यूएई, बहरीन, कतर, जॉर्डन और कुवैत पर ईरान के हमलों की “कड़े शब्दों” में निंदा की है। सऊदी अरब ने “देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सिद्धांतों” के लगातार उल्लंघन पर “गंभीर नतीजे” की चेतावनी दी।

ब्रिटेन ने फिर कहा है कि ईरान को कभी भी न्यूक्लियर हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने बहरीन, कुवैत, कतर और यूएई में मौजूद ब्रिटिश नागरिकों से तुरंत पनाह लेने को कहा है।

ब्रिटिश एयरवेज ने 3 मार्च तक तेल अवीव और बहरीन के लिए विमान रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “हम हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं और हमने 3 मार्च तक तेल अवीव और बहरीन के लिए अपनी विमान कैंसिल करने का ऑपरेशनल फैसला लिया है और आज अम्मान के लिए अपनी सेवाएं भी कैंसिल कर दी हैं। सुरक्षा हमेशा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और हम अपने यात्रियों से उनके ट्रैवल ऑप्शन के बारे में सलाह देने के लिए संपर्क कर रहे हैं।”