टी20 वर्ल्ड कप: पल्लेकेले में फखर-साहिबजादा का तूफान, श्रीलंका को जीत के लिए 213 रन का विशाल टारगेट

0
9

पल्लेकेले, 28 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने फखर जमान और साहिबजादा फरहान की शानदार साझेदारी के दम पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में श्रीलंका के खिलाफ जीत के लिए 213 रन का टारगेट रखा है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को यह मैच कम से कम 65+ रनों के अंतर से अपने नाम करना होगा।

शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पाकिस्तानी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। साहिबजादा फरहान और फखर जमान बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे, जिन्होंने 15.5 ओवरों में 176 रन की साझेदारी की।

फखर जमान 42 गेंदों में 4 छक्कों और 9 चौकों के साथ 84 रन बनाकर आउट हुए। यहां से टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। ख्वाजा नफे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जो 3 गेंदों में महज 2 ही रन टीम के खाते में जोड़ सके।

हालांकि, इस बीच साहिबजादा फरहान ने मोर्चा संभालते हुए शतक लगाया, जो टी20 वर्ल्ड कप में उनकी दूसरी सेंचुरी रही। साहिबजादा 60 गेंदों में 5 छक्कों और 9 चौकों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी के साथ पाकिस्तान ने 200 का आंकड़ा पार किया। मगर दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे और टीम 20 ओवरों के खेल तक 8 विकेट गंवाकर 212 रन ही बना सकी।

श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दासुन शनाका ने 2 विकेट निकाले। एक विकेट दुष्मंथा चमीरा ने हासिल किया।

पाकिस्तानी टीम इस मुकाबले में तीन बदलावों के साथ उतरी है। बाबर आजम, सैम अयूब और सलमान मिर्जा इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। सलमान आगा की कप्तानी में पाकिस्तान साहिबजादा फरहान, फखर जमान, ख्वाजा नफे, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद और उस्मान तारिक के साथ यह मैच खेल रही है।

दूसरी ओर, दासुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंकाई टीम पथुम निसांका, कामिल मिसारा (विकेटकीपर), चरित असलांका, पवन रत्नायके, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लालागे, महेश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका के साथ मैदान पर उतरी है।