चेन्नई, 10 मार्च (आईएएनएस)। करुर भगदड़ को लेकर तमिलनाडु के पूर्व मंत्री व डीएमके नेता सेंथिल बालाजी ने सीबीआई द्वारा भेजे गए समन पर मीडिया में विरोधाभासी खबरें चलाए जाने पर नाराजगी जताई है।
पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी ने एक्स पर पोस्ट किया है, “करूर त्रासदी के संबंध में सीबीआई द्वारा जारी समन को लेकर कुछ मीडिया आउटलेट्स में विरोधाभासी खबरें सामने आई हैं। सीबीआई द्वारा भेजे गए समन में मुझे 17 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। मैं वहां जाऊंगा और उनके सवालों के उचित जवाब दूंगा।”
बता दें कि 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता-राजनेता विजय की ‘तमिलागा वेत्री कज़गम’ पार्टी की रैली में भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा घायल हो गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। इस मामले की जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज अजय रस्तोगी की अध्यक्षता वाली एक सुपरवाइजरी कमेटी कर रही है।
अभिनेता विजय ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिवारों को 20 लाख रुपये की सहायता राशि भी दी थी और कुछ परिवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात भी की थी। बताया जाता है कि रैली में अनुमान से अधिक लोग पहुंच गए थे, जिससे अव्यवस्था फैली और हादसा हो गया।
विजय तीन दशकों से अधिक समय से तमिल सिनेमा के एक प्रतिष्ठित कलाकार हैं। उन्होंने 2024 में टीवीके पार्टी की शुरुआत की थी। उन्होंने तमिल सिनेमा में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी, हालांकि कॉलेज की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपनी मां द्वारा लिखी एक फिल्म में काम किया, जिसका नाम था नालैया थीरपु। फिल्म औसत रही लेकिन विजय को पहचान मिलने लगी थी। पहले उन्होंने कॉमेडी और रोमांटिक फिल्मों में काम किया लेकिन फिर सामाजिक विषयों पर बनी फिल्मों ने उन्हें असल पहचान दिलाई। फैंस विजय को प्यार से ‘थलापति’ बुलाने लगे।

