जमाखोरी करने वालों पर सरकार रख रही नजर : विजय सिन्हा

0
11

पटना, 11 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने उन लोगों को सख्त चेतावनी दी है जो मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के बीच पेट्रोल-डीजल-गैस की जमाखोरी में जुटे हुए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ऐसे लोगों पर नजर रख रही है। जमाखोरी करने वालों पर राज्य सरकार कानून के हिसाब से कार्रवाई भी करेगी।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार की जनता को आश्वस्त किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। हालात अभी नियंत्रण में है और केंद्र सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में फर्जी अफवाहों में नहीं पड़ना चाहिए। साथ ही, जो लोग कालाबाजारी में जुटे हुए हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि भारत में तेल व ईंधन की कमी हो सकती है लेकिन भारत के पास 250 मिलियन बैरल कच्चे तेल व ईंधन का स्टॉक है। लगभग 7–8 हफ्तों का सुरक्षित बफर स्टाक मौजूद है और 258 एमएमटीपीए रिफाइनिंग क्षमता की उपलब्धता है।

ममता बनर्जी के धरना समाप्त होने पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी परेशान और चिंतित हैं। सत्ता खोने का डर उन्हें परेशान कर रहा है। आज उन्होंने राष्ट्रपति का अपमान किया, राज्यपाल का अपमान किया, शिकायतें दर्ज कीं, और अब चुनाव आयोग में काले झंडे दिखाए। इस तरह वह संवैधानिक संस्थाओं और अधिकारियों का अपमान करती हैं। अपनी चिंता में वह कुछ भी कह सकती हैं।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को लगा कि एसआईआर पर सहानुभूति खत्म हो रही है, इसीलिए वे धरना खत्म करने के लिए राजी हुईं। एसआईआर बंगाल के हित में है और जनता ने घुसपैठियों को बाहर निकालने का मन बना लिया है। चुनाव आयोग का कदम ठीक है और वोटर लिस्ट दुरुस्त होनी चाहिए।

बिहार की शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि एनडीए सरकार के प्रयासों से बिहार में उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा व मजबूती मिल रही है। नए कॉलेजों की स्थापना, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और आधुनिक संसाधनों के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।