भोपाल में सक्रिय चैन स्नेचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार, 17 लाख का माल बरामद

0
11

भोपाल : 10 मार्च/ थाना अयोध्या नगर पुलिस ने शहर में सक्रिय एक शातिर चैन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चैन स्नेचिंग, लूट और वाहन चोरी की कुल 8 घटनाओं का खुलासा किया है। उनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत की 7 सोने की चैन, एक एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने लूटी गई चैन खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी आरोपी बनाया है।

शहर में लगातार हो रही चैन स्नेचिंग की घटनाओं से महिलाओं में दहशत का माहौल था। पुलिस उपायुक्त जोन-2 विवेक सिंह के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी और सहायक पुलिस आयुक्त एम.पी. नगर संभाग मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया।

ऐसे खुला मामला

2 मार्च 2026 को मिनाल रेजीडेंसी अयोध्या नगर निवासी घनश्याम दास ने थाना अयोध्या नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि न्यू मिनाल क्षेत्र में उनकी मां गोमती भकौरिया के गले से दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाश सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 86/26 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से दो संदिग्धों को भानपुर मल्टी के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने उक्त वारदात कबूल कर ली। आगे की पूछताछ में उन्होंने मिनाल क्षेत्र में 3 अन्य चैन स्नेचिंग और बागसेवनिया थाना क्षेत्र में 3 चैन स्नेचिंग तथा 1 वाहन चोरी की घटना करना भी स्वीकार किया।

इन मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस जांच में अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के निम्न मामलों का खुलासा हुआ

* अपराध क्रमांक 86/26 – फरियादिया सुमन आहूजा, मिनाल रेजीडेंसी से सोने की चैन लूट
* अपराध क्रमांक 73/26 – फरियादिया शशि सक्सेना, न्यू मिनाल रेजीडेंसी से सोने की चैन लूट
* अपराध क्रमांक 38/26 – फरियादिया कुंती राठौर, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी से सोने की चैन लूट

इसके अलावा थाना बागसेवनिया के मामलों में

* अपराध क्रमांक 606/2025 – सोने की चैन लूट
* अपराध क्रमांक 663/2025 – सोने की चैन लूट
* अपराध क्रमांक 682/2025 – सोने की चैन लूट
* अपराध क्रमांक 545/2025 – एक्टिवा वाहन चोरी

जोमैटो डिलीवरी एजेंट बनकर करते थे रेकी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे पहले जोमैटो डिलीवरी एजेंट के रूप में घूमकर इलाके की रेकी करते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे। लूटी गई सोने की चैन भोपाल और रीवा स्थित मुथूट गोल्ड फाइनेंस तथा कुछ ज्वेलर्स के यहां गिरवी रखी या बेची जाती थीं। इसी कड़ी में पुलिस ने चैन खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी आरोपी बनाया है।

शराब और महंगे शौक पूरे करने के लिए करते थे वारदात

पुलिस के अनुसार आरोपी शराब और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चैन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी मूल रूप से रीवा और इंदौर क्षेत्र के रहने वाले हैं और भोपाल में अलग-अलग स्थानों पर किराये के मकानों में रहकर वारदात करते थे ताकि पुलिस से बच सकें।

गिरफ्तार आरोपी

1. निखिल शर्मा (28) पिता दिनेश शर्मा, निवासी ए-8 भानपुर मल्टी, छोला मंदिर, भोपाल।
शिक्षा – बीकॉम, पूर्व में निजी कंपनी में नौकरी करता था।
आरोपी के खिलाफ लूट, वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

2. आकाश उर्फ अभिमन्यु सिंह (22) पिता रागेंद्र सिंह, मूल निवासी ग्राम हर्दी थाना मनगवां जिला रीवा, वर्तमान पता ए-8 भानपुर मल्टी, छोला मंदिर भोपाल।
शिक्षा – बीकॉम, पहले जोमैटो का डिलीवरी एजेंट था।

चैन खरीदने वाला ज्वेलर्स भी आरोपी

पुलिस ने लूटी गई चैन खरीदने के आरोप में भुवन सोनी (52) निवासी एफ-4 ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी अयोध्या नगर भोपाल को भी आरोपी बनाया है, जो सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करता है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उप निरीक्षक सुदील देशमुख, विजय सिंह कर्चुली, जयवीर सिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक मुस्ताक खान, राजेश जामलिया, अनिल साहू, मनोज कछवाहा, अजीम शेर खान सहित थाना स्टाफ और टेक्निकल सेल के भूपेन्द्र उईके व जितेन्द्र सिंह सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।