दिल्ली: पुलिस ने संगठित अपराध पर करारा प्रहार किया, 24 घंटे में 11 मामले दर्ज, 24 गिरफ्तार

0
9

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने अवैध शराब और जुआ जैसी संगठित गैरकानूनी गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया है।

डीसीपी विक्रम सिंह के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया, जिसमें सिर्फ पिछले 24 घंटों में आबकारी और जुआ अधिनियम के तहत कुल 11 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान 3 महिलाओं सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीमों ने गश्त और सघन निगरानी के दौरान जुआ खेलने वालों पर नकेल कसी। जुआ अधिनियम के तहत 5 मामले दर्ज हुए और 15 लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से जुआ सामग्री के साथ-साथ सट्टेबाजी के लिए इस्तेमाल हो रहा 68,840 रुपए नकद भी बरामद किए गए।

अवैध शराब के खिलाफ अलग से चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। चेकिंग के दौरान दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 6 मामले दर्ज किए गए और 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 3 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने कुल 4,242 शराब के क्वार्टर जब्त किए। साथ ही अवैध शराब की ढुलाई में इस्तेमाल हो रही 4 कारों को भी बरामद कर जब्त कर लिया गया।

ये कार्रवाई आउटर डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई, जिसमें रानी बाग, राज पार्क, सुल्तानपुरी, रनहोला, निहाल विहार, नांगलोई, और पश्चिम विहार ईस्ट जैसे इलाके शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को बिना किसी वैध परमिट के शराब ढोते और बेचते हुए पकड़ा गया।

आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के स्रोत और जुआ नेटवर्क की गहराई तक जांच जारी है। पुलिस का मकसद इन संगठित अपराधों को जड़ से खत्म करना है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और इलाके के नागरिकों से अपील की कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत आधिकारिक पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। पुलिस ने वादा किया कि ऐसी हर जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।