नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक मोस्ट वांटेड अपराधी और दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग टीमों ने की है। पुलिस ने चोरों के पास से बाइक व चोरी के कई मोबाइल बरामद किए हैं।
करीब 12 आपराधिक मामलों में संलिप्त वांटेड अपराधी काफी समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। फरार आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया के नेतृत्व में एएसआई विजयमन, हेड कांस्टेबल अरविंद, हेड कांस्टेबल चरण सिंह, महिला हेड कांस्टेबल ज्योति और महिला कांस्टेबल पूनम की एक टीम का गठन किया गया था।
डीसीपी-वी/क्राइम ब्रांच आदित्य गौतम के अनुसार 13 मार्च को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मोलर बंद एक्सटेंशन, बदरपुर के पास छापेमारी की। टीम की त्वरित कार्रवाई और रणनीतिक योजना के कारण फरार आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बदरपुर निवासी दुजेंद्र सिंह उर्फ दुजेंद्र प्रकाश के रूप में हुई है, जो नाम बदल-बदलकर छिप रहा था। आगे की जांच में पता चला कि आरोपी आदतन अपराधी है और विभिन्न पुलिस थानों में 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें अपहरण, बलात्कार, हत्या का प्रयास, आपराधिक धमकी, चोरी, जालसाजी और अन्य संबंधित मामले शामिल हैं।
वहीं, दो अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों में एसीपी पंकज अरोरा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात 11 बजे पुलिस ने दिल्ली के बरपुला फ्लाईओवर के नीचे स्थित एवेन्यू रोड के लाल बत्ती पर रोशन और कुणाल नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। ये दोनों मदनगीर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शकरपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र से चोरी बाइक बरामद की है। इसके अलावा रोशन के पास से विभिन्न ब्रांडों के चोरी हुए 14 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
बरामद मोबाइल फोनों की जांच से पता चला कि इनमें से कुछ फोन वेलकम पुलिस स्टेशन और सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े हुए हैं, जबकि शेष मोबाइल फोनों की जांच जारी है। संबंधित पुलिस स्टेशनों को इसकी सूचना दे दी गई है।

