चाईबासा में वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया एनएच जाम

0
9

चाईबासा, 15 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के समीप रविवार को एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने एक ग्रामीण महिला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहरदा गांव के समीप की है। मृतका की पहचान स्थानीय निवासी सुमित्रा जामुदा के रूप में की गई है। इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 75ई को घंटों जाम रखा, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुमित्रा जामुदा सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सुमित्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में सफल रहा। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और सड़क पर धरने पर बैठ गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस हाईवे पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में नाकाम रहा है। सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर दोनों ओर ट्रकों और यात्री बसों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाद में मुफस्सिल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आक्रोशित ग्रामीणों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने और क्षेत्र में गति सीमा पर अंकुश लगाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दोपहर में जाम हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।