SGSU Advertisement
Home Student & Youth यूआईआईसी लिमिटेड में 225 प्रशासनिक अधिकारियों पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी,...

यूआईआईसी लिमिटेड में 225 प्रशासनिक अधिकारियों पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 8 सितंबर से करें आवेदन

0
3

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी (यूआईआईसी) लिमिटेड में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, यूआईआईसी लिमिटेड ने प्रशासनिक अधिकारियों (स्केल-I) के विभिन्न 225 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।

यूआईआईसी लिमिटेड की ओर से जारी कुल 225 रिक्तियों में प्रशासनिक अधिकारी-सामान्य के 200 और प्रशासनिक अधिकारी-हिंदी अधिकारी के 25 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूआईआईसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पोस्ट के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से प्रशासनिक अधिकारी-सामान्य पद के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएट या पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी-हिंदी अधिकारी पोस्ट के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ हिंदी में मास्टर डिग्री, जिसमें डिग्री लेवल पर इंग्लिश एक अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के तौर पर या परीक्षा के माध्यम के तौर पर रही हो, होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 जून 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुयार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, ऑनलाइन परीक्षाएं (प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा, वर्णनात्मक परीक्षा) और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की बेसिक सैलरी 82,485 से 1,56,745 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के स्थायी कर्मचारी को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि टियर I: प्रारंभिक परीक्षा (ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव टेस्ट) 22 अक्टूबर 2026 को और टियर II: मुख्य परीक्षा (ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव टेस्ट के साथ डिस्क्रिप्टिव टेस्ट) 30 नवंबर 2026 को संभावित रूप से आयोजित होने की संभावना है। वहीं, उम्मीदवार हर ऑनलाइन परीक्षा (संभावित) की वास्तविक तारीख से 7 दिन पहले ऑनलाइन परीक्षाओं के लिए कॉल लेटर ऑफिशियल पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे।