ओडिशा एससीबी अस्पताल अग्निकांड: पीएम मोदी ने की पीड़ित परिवारों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा

0
7

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 मरीजों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पीएम ने मृतक के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

पीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने घोषणा की कि पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक परिवार को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपए आर्थिक सहायता के तौर पर प्रदान किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”

इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भी मृतकों के परिवारों के लिए राहत की घोषणा की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की। घायलों के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने हादसे के बाद तुरंत प्रभावित परिवारों और अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया और राहत कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।

रविवार-सोमवार की रात 2:30 बजे अचानक एससीबी अस्पताल के आईसीयू में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। इस आगजनी में अस्पताल में भर्ती 10 मरीजों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।