‘श्रमिक अन्नपूर्णा योजना’ से पांच रुपए में भरपेट भोजन कर रहे हैं लोग, सरकार का जताया आभार

0
7

गांधीनगर, 16 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात सरकार की श्रमिक अन्नपूर्णा योजना श्रमिकों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है। इस योजना के तहत श्रमिकों को मात्र पांच रुपए में भरपेट और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना का लाभ रोजाना बड़ी संख्या में श्रमिक उठा रहे हैं।

योजना की खास बात यह है कि श्रमिक न केवल वहीं बैठकर भोजन कर रहे हैं, बल्कि कई लोग पांच रुपए में टिफिन पैक करवाकर घर भी ले जाते हैं। इससे श्रमिकों को सस्ता और पौष्टिक भोजन मिल रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी सहूलियत हो रही है।

भोजन में चावल, दाल, रोटी और सब्जी जैसे पौष्टिक व्यंजन दिए जाते हैं। कई बार श्रमिकों को मिठाई भी परोसी जाती है, जिससे भोजन और भी खास हो जाता है।

योजना का लाभ ले रहे श्रमिक रमेश ने बताया कि उन्हें यहां मात्र पांच रुपए में स्वादिष्ट भोजन मिल जाता है।

उन्होंने कहा कि वह रोज यहां से खाना लेकर जाते हैं। उनके मुताबिक, चावल, दाल, रोटी और सब्जी मिलती है और कभी-कभी मिठाई भी दी जाती है। रमेश ने सरकार की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह श्रमिकों के लिए बहुत अच्छा काम है।

सरकार की इस योजना से श्रमिकों को सस्ती दर पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनके खर्च में भी कमी आई है। श्रमिकों ने इस पहल के लिए सरकार के प्रति आभार जताया है।

गांधीनगर में श्रमिक अन्नपूर्णा योजना सेंटर का संचालन कर रहे अशोक ने बताया कि प्रतिदिन 120 से ज्यादा श्रमिक आते हैं और पांच रुपए में खाना दिया जाता है। खाने में दाल-चावल, रोटी, और सब्जी सहित कभी-कभी मिष्ठान भी दिया जाता है। यहां आने वाले सभी श्रमिकों को खाना दिया जाता है।

श्रमिक कमलेश ने बताया कि वह दो साल से इस सेंटर से खाना खा रहे हैं। यहां बहुत अच्छा खाना मिलता है।

श्रमिक शांति लाल ने कहा कि गुजरात सरकार बहुत अच्छी योजना चला रही है, पांच रुपए में भरपेट भोजन मिलता है। महंगाई के इस दौर में सरकार की यह योजना हमारे लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि यहां पर काफी संख्या में लोग खाना लेते हैं।

एक अन्य श्रमिक ने कहा कि 5 रुपए में खाना मिलता है, खाना बहुत ही अच्छा होता है, किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती है। मैं सरकार का धन्यवाद करता हूं।