Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth बैंक जॉब का सुनहरा मौका, 28 से 40 साल के उम्मीदवार 20...

बैंक जॉब का सुनहरा मौका, 28 से 40 साल के उम्मीदवार 20 अप्रैल से पहले करें आवेदन

0
23

दिसपुर, 17 मार्च (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है। असम को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड (एसीएबी) ने असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर/असिस्टेंट मैनेजर अंडर ऑफिसर ग्रेड-ई के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।

एसीएबी की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल के शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री और कम से कम 55 प्रतिशत के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ अभ्यर्थियों के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी आवश्यक है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 28 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना एक जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, कैंडिडेट्स को 1000 रुपए एप्लीकेशन फीस का भुगतान करना होगा।

योग्य उम्मीदवारों का चयन बिना लिखित परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 31,630 से 82,290 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले असम को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड (एसीएबी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें और लिफाफे में डालकर ‘प्रबंध निदेशक, असम सहकारी शीर्ष बैंक लिमिटेड, प्रथम मंजिल, प्रबंध निदेशक का सचिवालय, प्रधान कार्यालय, एच.बी. रोड, पानबाजार, गुवाहाटी, कामरूप (मध्य प्रदेश), असम, पिन नंबर: 781001’ पते पर पोस्ट कर दें।