Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय हरियाणा सीएम ने पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का किया उद्घाटन, 80...

हरियाणा सीएम ने पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का किया उद्घाटन, 80 ई-बसों को हरी झंडी दिखाई

0
2

पानीपत, 28 मई (आईएएनएस)। हरियाणा में ग्रीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया और 80 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक और पवित्र भूमि पानीपत से हरियाणा में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन के नए युग की शुरुआत हो रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि शुरू की गई 80 इलेक्ट्रिक बसों में से 40 बसें पानीपत को दी गई हैं। इसके अलावा 15 बसें यमुनानगर, 10-10 बसें कुरुक्षेत्र और सोनीपत तथा 5 बसें पंचकूला को आवंटित की गई हैं। ये सिर्फ बसें नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक भविष्य की नई शुरुआत हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पानीपत में करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके साथ ही राज्य के आठ अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाए जा रहे हैं, जहां बसों के लिए आधुनिक चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सीएम सैनी ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को ग्रीन इंडिया, नेट जीरो और सस्टेनेबल डेवलपमेंट का विजन दिया है और हरियाणा सरकार इस सोच को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पूरी दुनिया पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की ओर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है।”

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवाओं से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड शहरी जीवन को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। हाल ही में ‘हरियाणा विजन-2047’ के तहत अगले पांच वर्षों के परिवहन रोडमैप की समीक्षा की गई है। तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों को देखते हुए शहरों में लोकल बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय रेलवे की तर्ज पर बसों में ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने की दिशा में भी काम कर रही है। इससे यात्री मोबाइल ऐप के जरिए बस की लोकेशन और उसके आने का समय आसानी से जान सकेंगे।

इसके अलावा अगले एक साल में 10 नए इलेक्ट्रिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे और भविष्य में और अधिक इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की भी योजना है।