दिल्ली पुलिस ने दीपावली शूटआउट के मुख्य आरोपी जीशान को किया गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (डब्ल्यूआर-1) की टीम ने हत्या के प्रयास में एक आरोपी जीशान अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी माननीय न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केशव पुरम इलाके में दीपावली 2025 की रात हुई गोलीबारी की घटना से जुड़े मुख्य आरोपी जीशान अहमद इदरीसी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके खिलाफ केशव पुरम थाने में दर्ज किया गया था। पुलिस काफी समय से इसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह फरार था। इसके बाद क्राइम ब्रांच को मामले की जांच सौंप दी गई थी।

उन्होंने बताया कि दीपावली की रात आरोपी जीशान अहमद ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या के इरादे से कई राउंड फायरिंग की थी। इस दौरान भानु कुमार नामक व्यक्ति को गोली लग गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम में एसआई अंशु कडियान, डब्ल्यू/एएसआई नरेंद्र कौर, हेड कांस्टेबल संदीप यादव, प्रवीण, नवीन और कांस्टेबल कृष्ण शामिल थे। एसीपी राज कुमार के पर्यवेक्षण में टीम ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी तिलक नगर के चांद नगर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत छापेमारी की और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, लूट और झपटमारी जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया कि 27 वर्षीय आरोपी ने केवल 10वीं तक पढ़ाई की है और जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। वह पहले भी 2020 में सागरपुर इलाके में फायरिंग के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस का कहना है कि किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और राजधानी में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। मामले में आगे की जांच जारी है।