Tuesday, August 18, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एसएसबी में सब इंस्पेक्टर के 51 पदों पर भर्ती, 20 अप्रैल तक...

एसएसबी में सब इंस्पेक्टर के 51 पदों पर भर्ती, 20 अप्रैल तक करें आवेदन

0
33

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएनएस)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एसएसबी ने सब-इंस्पेक्टर के विभिन्न 51 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एसएसबी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समयसीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एसएसबी ने जिन 51 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें सब इंस्पेक्टर (स्टाफ नर्स) के 10, सब इंस्पेक्टर (पायनियर) के 21 और सब इंस्पेक्टर (कंम्यूनिकेशन) के 20 पद शामिल हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान, यूनिवर्सिटी या बोर्ड से संबंधित पद के अनुसार 12वीं उत्तीर्ण सर्टिफिकेट के साथ डिप्लोमा, किसी भी स्ट्रीम/सिविल/इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार/कंप्यूटर साइंस/ सूचना प्रौद्योगिकी इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 20 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी), लिखित परीक्षा, विस्तृत चिकित्सा परीक्षण (डीएमई), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, जारी पद से सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, एप्लीकेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।