आईपीएल: आंद्रे रसेल केकेआर के लिए सर्वाधिक रन बनाने और विकेट लेने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं

0
12

कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल आईपीएल 2026 में बतौर खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे। आईपीएल 2025 के बाद उन्होंने लीग से संन्यास की घोषणा कर दी थी। केकेआर ने अपने इस दिग्गज खिलाड़ी के सम्मान में उनकी 12 नंबर की जर्सी को मंगलवार को हुए कार्यक्रम में रिटायर करने की घोषणा की।

केकेआर के पिछले एक दशक में सफर में आंद्रे रसेल का बल्ले और गेंद से बेहतरीन और यादगार प्रदर्शन रहा है। रसेल केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले और विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।

रसेल 2014 में केकेआर से जुड़े थे और 2025 तक लगातार इस टीम के लिए खेले। इस दौरान 139 मैचों की 115 पारियों में 13 अर्धशतकों की मदद से 2,658 रन बनाए। रसेल का स्ट्राइक रेट 175.09 रहा। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 88 है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर रसेल ने केकेआर को ऐसे-ऐसे मैच जिताएं हैं जिसमें जीत की कल्पना भी नहीं थी।

केकेआर के लिए रसेल से ज्यादा रन टीम के पूर्व कप्तान गौतम गंभीर के नाम दर्ज है। गंभीर ने 2011 से 2017 के बीच 123 मैचों की 122 पारियों में 30 अर्धशतक लगाते हुए 3,376 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 93 रन है।

गंभीर ने अपनी कप्तानी में 2012 और 2014 में केकेआर को चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2024 में केकेआर श्रेयस अय्यर की कप्तानी में चैंपियन बनी। उस समय गंभीर मेंटॉर थे।

अगर गेंदबाजी की बात करें तो रसेल ने 139 मैचों की 119 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 124 विकेट लिए हैं। इस दौरान एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि 1 बार और 4 विकेट लेने की उपलब्धि 2 बार उनके नाम दर्ज है। रसेल का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 15 रन देकर 5 विकेट है।

केकेआर के लिए रसेल से ज्यादा विकेट सुनील नरेन ने लिए हैं। नरेन ने 2012 से 2025 के बीच खेले 198 मैचों में 210 विकेट लिए हैं।

आंद्रे रसेल आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए ‘पावर कोच’ की भूमिका में नजर आएंगे।