Monday, August 17, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल डीपीएल 2026: टाइगर्स को 36 रन से मात देकर राइडर्स ने दर्ज...

डीपीएल 2026: टाइगर्स को 36 रन से मात देकर राइडर्स ने दर्ज की सीजन की पहली जीत

0
6

नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में आखिरकार जीत का खाता खोल लिया है। इस टीम ने सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए सीजन के 30वें मैच में न्यू दिल्ली टाइगर्स के विरुद्ध 36 रन से जीत हासिल की।

इस सीजन लगातार 6 मैच गंवाने के बाद ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने अपनी पहली जीत दर्ज की है। यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है। वहीं, सीजन का सातवां मैच गंवाने के बाद न्यू दिल्ली टाइगर्स सबसे निचले, यानी 8वें पायदान पर है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 7 विकेट खोकर 192 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में वंश मेहरा ने अर्पित राणा के साथ पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 62 रन की साझेदारी की। वंश 21 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अर्पित (33) ने सुजल सिंह (15) के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन जुटाए।

इस टीम ने 92 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद मयंक रावत ने सूर्यांश रैना के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 71 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी।

मयंक रावत 23 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्यांश ने 2 चौकों और इतने ही छक्कों के साथ 33 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से ऋषभ शर्मा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि लक्ष्मण को 2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, प्रद्युमन सनन और हिम्मत सिंह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स 19.2 ओवरों में 156 रन पर सिमट गई। केशव दलाल ने परीक्षित सिंह भाटी के साथ पहले विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। परीक्षित 15 रन और केशव 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

टीम ने 45 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद वैभव रावल ने अतुल्य पांडे के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। इस पारी में लक्ष्य थरेजा और हिम्मत सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जुटाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

वैभव रावल 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान हिम्मत सिंह ने टीम के खाते में 31 रन जुटाए। इनके अलावा, लक्ष्य ने 21 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से आशीष मीणा और मयंक यादव ने 3-3 विकेट अपने नाम किए, जबकि दीपक पुनिया ने 2 विकेट चटकाए।