ऑपरेशन विश्वास: दिल्ली की शाहदरा पुलिस ने चोरी किए गए 1600 मोबाइल मालिकों को लौटाए

0
9

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। शाहदरा जिले की पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत चोरी और लूटे गए 1,600 चोरी हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए। इस मौके पर पूर्वी दिल्ली रेंज के ज्वाइंट सीपी डॉ. अजीत कुमार सिंगला, डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा और एडिशनल डीसीपी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

ज्वाइंट सीपी डॉ. अजीत सिंगला ने कहा कि जनता के लिए मोबाइल फोन एक लाइफलाइन की तरह होता है। अगर यह उनसे लूट लिया जाए या चोरी हो जाए, तो उन्हें काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि आज कई लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने शाहदरा जिला पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अच्छा काम करते हुए खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाए हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकतर फोन छीने गए थे, जिन्हें पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया और आज उनके मालिकों को वापस कर दिया गया। आईएएनएस से बातचीत में ज्वाइंट सीपी डॉ. अजीत सिंगला ने कहा कि मैं डीसीपी शाहदरा टीम के प्रयासों की सराहना करता हूं। तकनीकी टीमों और सभी पुलिस स्टेशनों के सहयोग से 1,600 चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाने में सफलता मिली, जिनमें से 320 पहले ही उनके मालिकों को वापस कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों के चेहरों पर खुशी देखकर बहुत अच्छा लगता है। मुझे उम्मीद है कि हम भविष्य में भी इस अच्छे काम को जारी रखेंगे और लोगों के लिए और भी चोरी हुए मोबाइल बरामद करेंगे।

वहीं, जिन लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल फोन वापस मिला, उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। एक व्यक्ति ने बताया कि मेरा फोन छीनकर भाग गए थे। मैंने शाहदरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। काफी दिन इंतजार करना पड़ा, लेकिन आखिरकार मुझे मेरा मोबाइल फोन मिल गया। दिल्ली पुलिस का यह काम सराहनीय है।

ड्राइवर का काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मेरा भी फोन छीना गया था, लेकिन आज मुझे वापस मिल गया। फोन छीने जाने के सात महीने बाद आज मुझे फोन मिला है। मुझे बहुत खुशी है कि पुलिस हमारे लिए काम कर रही है।

एक अन्य महिला ने बताया कि मेरा फोन एक महीने के भीतर वापस मिल गया। पुलिस के अथक प्रयासों से मुझे आज मेरा फोन वापस मिला है। दिल्ली पुलिस को बहुत-बहुत धन्यवाद।