जौनपुर, 31 मार्च (आईएएनएस)। जौनपुर के साइबर सेल पुलिस टीम को गुमशुदा मोबाइल बरामद करने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल की पुलिस टीम ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 240 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 55 लाख रुपए आंकी गई है।
जौनपुर साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 1,400 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं। ये मोबाइल जौनपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़, भदोही तथा अन्य प्रदेश जैसे दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान राज्यों से भी बरामद किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने पर तुरंत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करें। उन्होंने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।
मामले को लेकर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर क्राइम को खत्म करना हमारे पूरे प्रदेश और जनपद की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी को मद्देनजर रखते हुए, टीम ने जनवरी-फरवरी में भी 100 से ज्यादा मोबाइल फोन ट्रैक और रिकवर किए। मार्च में भी जनपद पुलिस ने 240 मोबाइल फोन ट्रैक कर रिकवर किए और मंगलवार को उन फोनों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया।
उन्होंने कहा कि इन 240 मोबाइल फोन का जो मूल्य है, वह लगभग 55 लाख रुपए है। ये फोन अलग-अलग कंपनियों के हैं। इसी के साथ फोन ट्रैक कर अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश के जनपद, आजमगढ़, लखनऊ, कानपुर, बलिया, मिर्जापुर और अन्य प्रदेशों की जगहें भी शामिल हैं, जैसे दिल्ली, गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र और झारखंड।
उन्होंने बताया कि इन सभी फोनों को बरामद करने में सफलता सीईआईआर पोर्टल और जिनका भी फोन गुम हो जाता है, उनकी तत्परता से मिली है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब भी आपका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो तत्काल आईएमईआई नंबर सुरक्षित करें। अपने नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क और सीईआईआर पोर्टल पर आईएमईआई नंबर से मोबाइल रजिस्टर और ट्रैक कराएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का गुम या चोरी हुआ मोबाइल फोन जल्द से जल्द बरामद किया जा सकता है। इन 240 मोबाइल फोन में से एक केवल 24 घंटे के अंदर रिकवर कर लिया गया। इसलिए जितनी तत्परता से आप काम करेंगे, उतनी ही तत्परता से पुलिस आपके लिए काम करेगी।


