नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (पूर्वी रेंज) ने एक सनसनीखेज अपहरण और बेरहमी से हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी नीरज (27 वर्ष) को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अनुरूप गुप्ता नामक व्यक्ति को अगवा करने, लूटने और उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े करके यमुना नदी में फेंकने का आरोप है।
स्पेशल सेल की टीम, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर राहुल कुमार, इंस्पेक्टर विनीत और इंस्पेक्टर अजीत सिंह कर रहे थे, एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की निगरानी में काम कर रही थी। 31 मार्च 2026 की शाम को टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी नीरज गांव धांधलान में किसी से मिलने आया हुआ है। टीम ने तुरंत हरियाणा पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया और बाद में दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में बीएनएसएस की धारा 35(1) के तहत गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला 28 फरवरी 2026 को पीएस बिंदापुर, द्वारका जिला में एफआईआर संख्या 138/26 के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी पर बीएनएस की धारा 140(2), 61(2), 3(5) और 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज है।
पूछताछ के दौरान नीरज ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों भूपेंद्र, सूरज उर्फ हैप्पी, बलराम और राखी के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। पीड़ित अनुरूप गुप्ता नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ हाउस में कैंटीन चलाते थे। सह-आरोपी राखी ने उन्हें बहला-फुसलाकर मटियाला स्थित एक फ्लैट में बुलाया। वहां पहुंचते ही उन्हें रस्सियों से बांध दिया गया, गहने लूट लिए गए और पैसे की मांग की गई। जब पीड़ित पैसे नहीं दे सका, तो आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी।
आरोपीयों ने एक बड़े चाकू (चॉपर) से पीड़ित के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए, उन्हें प्लास्टिक बैग में पैक किया और वृंदावन के पास यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने पहले ही चार अन्य आरोपीयों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि नीरज फरार था।
नीरज हरियाणा के झज्जर जिले का रहने वाला है। वह 12वीं पास है और गांव के पास एक फैक्टरी में काम करता था। वह सह-आरोपी बलराम के संपर्क में आया और जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। उसकी पिछली संलिप्तता भी दर्ज है। नवंबर 2023 में हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला थाने में सीआरपीसी धारा 107/151 के तहत निवारक कार्रवाई हुई थी।
स्पेशल सेल दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र में संगठित अपराध, गैंग वार और सनसनीखेज हत्या के मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है। इस गिरफ्तारी को स्पेशल सेल की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस आगे की पूछताछ में अन्य आरोपीयों के बारे में अधिक जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।


