रांची: फ्लैट में बंद कर ब्यूटीशियन से दुष्कर्म और धर्मांतरण के दबाव का आरोप, सैलून संचालक समेत दो पर एफआईआर

0
5

रांची, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी, जिसके बाद मेडिकल जांच कराई जाएगी। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता पूर्व में ओडिशा के एक सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। उसे अधिक वेतन का लालच देकर रांची बुलाया गया और डंगरा टोली स्थित एक सैलून में ब्यूटीशियन के रूप में ज्वाइन कराया गया।

पीड़िता का आरोप है कि सैलून संचालक सोहेब मलिक और सोहेल खान ने उसे धोखे में रखा। आरोप के मुताबिक, जनवरी में उसे एक फ्लैट में बंधक बनाकर जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी उस पर लगातार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि पीड़िता का करीब 1 लाख 64 हजार रुपए सैलून संचालक के पास बकाया है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पैसों के विवाद या जॉब की आड़ में युवती का शोषण किया गया है।

लालपुर थाने की पुलिस के अनुसार, कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। सैलून संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के हर तकनीकी और चश्मदीद साक्ष्य को खंगाल रही है।