यात्रियों ने दिल्ली में गैस किल्लत की बात से किया इनकार, बोले-खेती के काम से घर लौट रहे लोग

0
5

नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर दिल्ली में गैस की किल्लत के कारण लोगों के गांव लौटने के अनेक दावे किए जा रहे हैं। हालांकि आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर आईएएनएस से बातचीत में बहुत से यात्रियों ने गैस किल्लत जैसी परेशानी से साफ इनकार किया। उन्होंने कहा कि वे खेती के काम और परिवारों में शादियों के कारण घर जा रहे हैं।

आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति ने कहा कि वह अपने घर लौट रहे हैं, क्योंकि खेती का काम बाकी है। इस समय गेंहू की कटाई चल रही है। दिल्ली में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है।

बिहार के भागलपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि वे दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। अभी खेती के काम के लिए वापस लौटना पड़ रहा है। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि अगर कोई कहता है कि सिलेंडर की वजह से दिल्ली से जा रहे हैं तो ऐसा नहीं है। यह समय खेती का भी है, इसलिए हमारी तरह बहुत से लोग घर जा रहे हैं।

कुछ लोगों ने अपने सेहत बिगड़ने पर घर लौटने के बात कही। बिहार के ही रहने वाले एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि वे इलाज के लिए दिल्ली आए हुए थे। यहां कोई दिक्कत नहीं है। अभी इलाज के बाद वापस हो रहे हैं। दिल्ली से आजमगढ़ जा रहे एक व्यक्ति ने कहा कि ‘परिवार के एक सदस्य को कैंसर की बीमारी हुई है। वे उसके इलाज के लिए दिल्ली आए हुए थे। अभी गांव वापसी कर रहे हैं।

कई लोग अपने परिवारों में शादी की बात करते हुए गांव लौटने के लिए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। दरभंगा लौट रहे एक युवक ने कहा कि परिवार में शादी है, इसलिए वे दिल्ली से वापस घर जा रहे हैं। कुछ और लोगों ने भी परिवार में शादी के चलते दिल्ली से लौटने की बात कही।