जीएसएल में मैनेजर सहित 25 पदों पर नई वैकेंसी, इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स जल्द करें आवेदन

0
6

पणजी, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) ने मैनेजर और डिप्टी मैनेजर के विभिन्न 25 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

जीएसएल ने जिन 25 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें मैनेजर (हथियार), मैनेजर (मुख्य प्रणोदन और शाफ्टिंग/सहायक), डिप्टी मैनेजर (मुख्य प्रणोदन और शाफ्टिंग/सहायक) और डिप्टी मैनेजर (हथियार) के 1-1; डिप्टी मैनेजर (पाइपिंग), डिप्टी मैनेजर (एचवीएसीआर) और डिप्टी मैनेजर (सुरक्षा) के 2-2; डिप्टी मैनेजर (इलेक्ट्रीकल/इलेक्ट्रॉनिक्स/पावर) और डिप्टी मैनेजर (सिग्नल और संचार) के 4-4 और डिप्टी मैनेजर (पतवार/पतवार उपकरण) के 7 पद शामिल हैं।

जीएसएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं। उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद लास्ट डेट के शाम 5 बजे से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार बीई/बीटेक, इलेक्ट्रिक/इलेक्ट्रॉनिक/मैकेनिकल आदि इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 33 से 39 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए है। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पूर्व सैनिक और आंतरिक उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग/शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 50,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।