उत्तराखंड में पुलिस अधिकारियों का बड़ा तबादला, कुंभ मेला की सुरक्षा को मिले दो नए आईजी-एसएसपी

0
4

देहरादून, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार के गृह अनुभाग-1 ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और तैनाती का आदेश जारी कर दिया है। शुक्रवार को जारी आदेश के तहत अधिकारियों को जनहित और रिक्त पदों को देखते हुए तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार, योगेंद्र सिंह रावत, जो वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक/मुख्यालय) के पद पर तैनात हैं, उन्हें अब पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी, को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला बनाया गया है।

श्वेता चौबे, सेनानायक आई.आर.बी. द्वितीय, को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी पद पर स्थानांतरित किया गया है। विशाखा अशोक भदाणे, जो पुलिस अधीक्षक (क्राइम अगेन्स्ट वीमेन/सीसीटीएनएस/प्रशिक्षण) के पद पर हैं, उन्हें सेनानायक, आई.आर.बी. द्वितीय की तैनाती दी गई है।

शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अविलंब पुराने पद से राहत लेकर नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें। कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाण-पत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

यह आदेश उत्तराखंड में आगामी कुंभ मेला की तैयारी को देखते हुए विशेष महत्व रखता है। कुंभ मेला में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उच्च स्तरीय पुलिस अधिकारीयों की तैनाती जरूरी मानी जाती है। योगेंद्र सिंह रावत और आयुष अग्रवाल जैसे अनुभवी अधिकारियों को कुंभ मेला से जोड़ने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

उत्तराखंड पुलिस महानिदेशालय इन तबादलों को प्रशासनिक जरूरत मान रहा है। राज्य में चारधाम यात्रा, कुंभ मेला और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस बल को चुस्त और प्रभावी बनाने के प्रयास लगातार चल रहे हैं। महिला अपराधों से निपटने वाली यूनिट में भी बदलाव किए गए हैं, जो राज्य सरकार की महिला सुरक्षा पर फोकस को दिखाता है।

आदेश की प्रतियां महालेखाकार उत्तराखंड, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक देहरादून, निदेशक कोषागार एवं वित्त सेवाएं तथा संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं। सचिव शैलेश बगौली के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी तुरंत नई जिम्मेदारियों का कार्यभार संभालें।