बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट और पेट्रोकेमिकल्स हब पर हमले में एक की मौत, 5 घायल

0
9

तेहरान, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान की अर्ध-सरकारी मीडिया तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शनिवार सुबह यूएस-इजरायली हमले में ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट को निशाना बनाया गया, जिसमें एक प्रोजेक्टाइल प्लांट के पास स्थित जमीन पर गिरा। पेट्रोकेमिकल्स हब ‘महशहर’ पर भी हमला हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।

न्यूज एजेंसी ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और प्लांट से जुड़ी इमारतों को नुकसान हुआ। इसमें यह भी कहा गया कि पावर प्लांट के मुख्य हिस्से को कोई नुकसान नहीं हुआ है और ऑपरेशन पर कोई असर नहीं पड़ा है।

न्यूज एजेंसी ने दावा किया कि युद्ध शुरू होने के बाद से पावर प्लांट पर यह चौथा हमला था। हालांकि अमेरिका और इजरायल ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वहीं, ईरानी पेट्रोकेमिकल्स हब पर हुई एयर स्ट्राइक में पांच लोगों के घायल होने की खबर है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, कुछ समय पहले दक्षिण-पश्चिम ईरान में पेट्रोकेमिकल हब पर इजरायली हवाई हमले हुए थे।

इजरायली मीडिया हाउस द टाइम्स ऑफ इजरायल ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से पुष्टि की कि हमले इजरायली एयर फोर्स ने किए थे।

फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट है कि खुजेस्तान प्रांत में महशहर पेट्रोकेमिकल स्पेशल जोन की कई जगहों पर हमले हुए।

खुजेस्तान प्रांत के डिप्टी गवर्नर वलियोल्लाह हयाती ने फार्स को बताया कि तीन कंपनियों पर इसका असर पड़ा, जबकि तस्नीम न्यूज एजेंसी ने उनके हवाले से कहा कि “नुकसान कितना हुआ है, यह अभी पता नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि हमलों में पांच लोग घायल हुए हैं, लेकिन यह तुरंत साफ नहीं है कि कोई मौत हुई है या नहीं।

पिछले हफ्ते ही ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि देश राजनीतिक नेतृत्व ने आईडीएफ को ईरान में “आर्थिक ठिकानों” पर हमला करने का निर्देश दिया, जिसका मकसद शासन को भारी आर्थिक तौर पर कमजोर करना था।