Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध एएनएस ने दो ड्रग सप्लायर्स को किया गिरफ्तार, 23 लाख का गांजा...

एएनएस ने दो ड्रग सप्लायर्स को किया गिरफ्तार, 23 लाख का गांजा और 2.65 लाख राशि नकद बरामद

0
28

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) ने दो ड्रग सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी नदीम और मोनू उर्फ अभिषेक ने दिल्ली के शशि गार्डन और शास्त्री मोहल्ले में व्यावसायिक मात्रा में गांजा जमा करके बेचने का काम करते थे।

पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि एएनएस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। तलाशी के दौरान 45.760 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 23 लाख आंकी गई है। इसके अलावा 2,65,400 रुपए नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकेजिंग का सामान भी जब्त किया गया। आरोपी गांजे को पाउच और सीलिंग सामग्री का उपयोग करके खुदरा मात्रा में पैक कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक संगठित सप्लाई चेन का हिस्सा थे। दूसरे राज्यों से गांजा खरीदकर इसे किराए के घरों में छिपाते और फिर स्टेपलर व एडहेसिव टेप से छोटी थैलियों में पैक करके स्थानीय नेटवर्क के जरिए वितरित करते थे। उन्होंने घनी आबादी क्षेत्रों का चयन किया ताकि उनकी गतिविधियां ध्यान से बच सकें और लगातार मुनाफा कमाया जा सके।

एएनएस टीम में एसआई राहुल मोंगा, विकास, एसआई अरुण कुमार, अमित कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप शर्मा, हरेंद्र कुमार, विक्रांत, अमित कसाना, अनामिका और कांस्टेबल कौशल शामिल थे। यह अभियान एसीपी पवन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। टीम काफी दिनों से इनकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सप्लायर आरोपी नदीम (28) शशि गार्डन का निवासी है। वहीं, दूसरा आरोपी अभिषेक (25) पैकिंग व वितरण का काम करता था। जांच में पता चला कि इससे पहले दोनों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे इनके गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया जा सके। इसके लिए टीम का गठन किया जा रहा है, जो बयान के आधार पर तलाशी अभियान चलाएगी।

पूर्वी जिला पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए वे खुफिया आधारित निगरानी, लक्षित कार्रवाई और समन्वित अभियानों को जारी रखेंगे।