मिड-डे मील परोसते दिखे सीएम योगी, बच्चों से बोले-रोज स्कूल आओ

0
7

वाराणसी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के शुभारंभ पर बच्चों के बीच पहुंचकर मिड-डे मील परोसा। बाद में उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग, किताबें और उपहार दिए। साथ ही, निपुण विद्यालयों व विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के प्रति जागरुकता का संदेश दिया।

वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आत्मीय रूप देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से मिड-डे मील परोसा, जिससे बच्चे खुशी से खिलखिला उठे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से रोज स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की, जिस पर बच्चों ने भी उत्साह के साथ हामी भरी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नए शैक्षणिक सत्र के तहत कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पाठ्य पुस्तकें, किट, उपहार और चॉकलेट वितरित किए। बच्चों की मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया। मुख्यमंत्री ने जनपद के पांच ‘निपुण विद्यालयों’ के प्रधानाध्यापकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया, वहीं पांच ‘निपुण विद्यार्थियों’ को भी पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम के दौरान ‘शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियां’ पुस्तिका का विमोचन किया गया और अभियान से जुड़ी लघु फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि आर्य महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

इसके पहले उन्होंने सीएम के हाथों जनपद के पांच निपुण विद्यालयों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्राथमिक विद्यालय नयापुर सेवापुरी के प्रधानाचार्य कपिल देव लाल बहादुर, प्राथमिक विद्यालय शगुनहा बड़ागांव की प्रधानाध्यापिका सुष्मिता भारती, प्राथमिक विद्यालय फरीदपुर विकास क्षेत्र चिरईगांव के प्रधानाध्यापक शशिकांत सिंह, कंपोजिट विद्यालय भतसार अराजीलाइन की नीतू यादव, कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज की प्रीति त्रिवेदी को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम