मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक सीरियल मॉलेस्टर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी, मुनव्वर नासिर खान, फिल्मसिटी में काम करता है और पुलिस के अनुसार, वह राह चलती महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करता था।
बांगुर नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी रविंद्र आव्हाड ने बताया कि 30 मार्च की रात लगभग 9:30 बजे एक युवती अपने घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे आया और छेड़छाड़ करते हुए गलत तरीके से छुआ। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने तत्काल बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान करने के लिए इलाके के 29 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार तकनीकी जांच और टीमवर्क के जरिए पुलिस ने मात्र 48 घंटे में आरोपी तक पहुंच बनाई और उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी आरे कॉलोनी का रहने वाला है और इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज किए हैं।
बांगुर नगर पुलिस ने बताया कि इस पूरे अभियान को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, चेंबूर पुलिस स्टेशन में एक पूर्व नगर पार्षद के खिलाफ कथित तौर पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करके चुनाव लड़ने और सरकार के साथ-साथ जनता को भी धोखा देने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है।
एक शिकायत के आधार पर, चेंबूर पुलिस ने पूर्व पार्षद रमेश कांबले के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रमेश सुरेश कांबले के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 192 (बोरला नॉर्थ-देवनार बूचड़खाना) से पूर्व पार्षद रह चुके हैं।


