पुडुचेरी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को पुडुचेरी में थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और समर्थन इस बात को स्पष्ट कर रहा है कि पुडुचेरी में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि मेरा मानना है कि जिस तरह पुडुचेरी की जनता सड़कों पर और जनसभाओं में अपना विश्वास और समर्थन दिखा रही है, उससे साफ संकेत मिलता है कि पुडुचेरी में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। हम यहां एक बार फिर पिछली बार से भी ज्यादा बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनाने जा रहे हैं। जनता को हमारी सरकार पर भरोसा है। जनता ने पांच साल में विकास देखा है। हमारी सरकार ने टूरिज्म को आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब 1 मार्च को पुडुचेरी आए थे तो नई योजनाओं की सौगात लेकर आए थे। उस समय उन्होंने करीब 2,700 करोड़ की कई नई परियोजनाओं को प्रारंभ करने का काम किया और एनडीए सरकार इन योजनाओं को जमीन पर उतारने का संकल्प लेती है।
नितिन नवीन ने कहा कि यूपीए सरकार के दौर में यहां नकली दवाओं का बोलबाला था। हमारी सरकार ने 33 से ज्यादा औषधि केंद्र खोले और लोगों को दवाएं तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। यहां 12,000 से ज्यादा पक्के मकान उपलब्ध कराकर एनडीए सरकार ने इस क्षेत्र के गरीब लोगों की मदद की है।
उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री और पूरी एनडीए सरकार स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने, युवाओं को शिक्षित करने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, तथा हमारी आध्यात्मिक विरासत को विकास से जोड़कर उसका सम्मानपूर्वक संरक्षण करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य यहां पर्यटन क्षेत्र को भी अवसरों के एक प्रमुख क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता देश की जनता का अपमान करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। आज वे राज्यों का अपमान कर रहे हैं। मेरा मानना है कि देश के विकास में हर राज्य का योगदान रहा है। गुजरात ने एक ऐसा नेता दिया है, जिसने भारत को ‘विकसित भारत’ की दिशा में सही राह पर आगे बढ़ाया है। मैं मल्लिकार्जुन खड़गे से कहना चाहता हूं कि वे ऐसे बयान देते रहें, जनता इसका जवाब देगी।


