नई दिल्ली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बाद पार्टी के नेता उदित राज ने गुजरात के लोगों पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और सरदार पटेल के महान होने से पूरा गुजरात महान नहीं हो जाता है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘गुजरात के लोग अशिक्षित’ वाले बयान पर विवाद के बाद उनका बचाव करते हुए उदित राज ने कहा, “गांधी जी महान निकले, तो क्या सारा गुजरात महान हो जाएगा? पटेल जी महान निकले, तो क्या पूरा गुजरात महान हो जाएगा? भाजपा के लोग सिर्फ कुतर्क कर रहे हैं। ये लोग हमेशा इमोशनल कार्ड खेलते हैं। जब पूरा परिवार महान नहीं होता, तो पूरा गुजरात कैसे हो सकता है?”
इसी बीच, उदित राज ने महात्मा गांधी के परिवार के सदस्यों पर भी टिप्पणी की। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, “गांधी जी के परिवार के लोग और उनके बच्चे भी उतने काबिल नहीं निकले।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “गुजरात व्यापारियों का राज्य है और हिंदू-मुस्लिम नैरेटिव को ज्यादा स्वीकार करने वाला है, यह सच्चाई है।”
राज ने केरल और गुजरात की तुलना करने वाली खड़गे की टिप्पणियों का भी बचाव किया और कहा कि वे एक खास संदर्भ में की गई थीं।
उन्होंने कहा, “उनका (मल्लिकार्जुन खड़गे) एक संदर्भ है। 60-70 के दशक से इन्होंने (भाजपा-संघ) केरल में कितनी शाखाएं लगाईं, लेकिन सफलता प्राप्त नहीं की। वहां के लोग शिक्षित हैं, लॉजिकल सोसाइटी है। गुजरात के लोग हिंदू मुस्लिम के नेरेटिव में फंस जाते हैं। झूठी बातों में फंस जाते हैं। गुजरात में शिक्षा का वह स्तर नहीं है, जो केरल में है। हमारे अध्यक्ष (खड़गे) ने जो कहा वह बिल्कुल सही कहा।”
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब खड़गे इडुक्की जिले में केरल विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार करते हुए कहा कि केरल के लोग ‘शिक्षित और समझदार’ हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता, जैसा कि गुजरात और देश के कुछ अन्य हिस्सों के लोगों के साथ होता है।
इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर गुजरातियों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता इस देश की जनता का अपमान करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। हर राज्य ने देश के विकास में योगदान दिया है, फिर भी कांग्रेस उन्हें नीचा दिखाने का सिलसिला जारी रखे हुए है। खड़गे जी, आप ऐसे बयान देते रहिए, जनता आपको इसका करारा जवाब देगी।


