तालिबान का दावा, ‘पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तानी सीमा चौकी पर किया कब्जा’

0
8

काबुल, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। तालिबान ने सोमवार को दावा किया कि उसने पाकिस्तानी सीमा चौकी पर कब्जा कर लिया है।

स्थानीय मीडिया ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी। जिन्होंने बताया कि सीमावर्ती इलाके में तालिबानी फोर्स और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच गोलीबारी हुई।

अमू टीवी ने तालिबान द्वारा संचालित राष्ट्रीय प्रसारक आरटीए के हवाले से कहा कि इन झड़पों के दौरान एक चौकी पर कब्जा कर लिया गया और पाकिस्तानी पक्ष को पहुंचे नुकसान की भी सूचना है।

यह घटना पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई। दोनों पक्ष की झड़प अब छठे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। दोनों देशों के बीच चल रही इस लड़ाई में ड्रोन हमले, हवाई हमले और तोपखाने से की गई गोलाबारी जैसी घटनाएं शामिल हैं।

इन झड़पों की खबरें ऐसे समय में आई हैं, जब तनाव को कम करने के उद्देश्य से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चीन में बातचीत जारी है। तालिबान और पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल पिछले एक सप्ताह से चीन के उरुमची शहर में बातचीत कर रहा है।

रविवार को अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी ने कहा कि उनका प्रतिनिधिमंडल इस बातचीत में “पूरी ईमानदारी और समाधान-उन्मुख दृष्टिकोण” के साथ हिस्सा ले रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तालिबान बातचीत के जरिए ही विवादों को सुलझाना चाहता है। हालांकि, उन्होंने अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के अधिकार पर भी विशेष जोर दिया।

पिछले सप्ताह, स्थानीय निवासियों ने पाकिस्तानी सैनिकों पर अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनुसार, हिंसा से बचने के लिए कई स्थानीय निवासियों ने अपने घर छोड़ना शुरू कर दिया है। अफगानिस्तान की प्रमुख समाचार एजेंसी ‘खामा प्रेस’ ने बताया कि इस क्षेत्र में कई लोग हताहत हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसी बीच, खामा प्रेस ने यह भी बताया कि खोस्त के गुरबुज जिले में भी झड़प हुई है।

31 मार्च को ही पेशावर में आयोजित ‘पाकिस्तान-अफगानिस्तान शांति जिरगा’ (सभा) में शामिल प्रतिभागियों ने दोनों देशों की सरकारों से अपील की कि वे सीमा पर होने वाली झड़पों को रोकें और बातचीत के जरिए अपने मतभेदों को सुलझाएं।