बेंगलुरु, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 में रविवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रनों से हराया। आरसीबी की इस जीत में गेंद से भुवनेश्वर कुमार ने अहम योगदान दिया। उन्होंने आईपीएल में इस दौरान अपने 200 विकेट भी पूरे किए। भुवनेश्वर ने कहा कि ऐसी उपलब्धियां खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत का नतीजा होती हैं।
भुवनेश्वर ने सीएसके के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 3 विकेट चटकाए। मुकाबले में पहला विकेट लेने के साथ ही भुवनेश्वर ने आईपीएल में 200 विकेट पूरे किए। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले महज दूसरे गेंदबाज बने। भुवनेश्वर इस लीग में खेले 192 मुकाबलों में 202 विकेट निकाल चुके हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी 7.71 का रहा है। भुवनेश्वर आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज भी बने। इंडियन प्रीमियर लीग में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है, जिन्होंने इस लीग में 224 विकेट चटकाए हैं।
अपनी इस उपलब्धि पर बात करते हुए भुवनेश्वर ने कहा, “सालों से की जा रही मेहनत का इनाम मिलना अच्छा लगता है। इसी कारण मैं इस बात से सच में बहुत खुश हूं। आईपीएल मेरे करियर का एक बड़ा हिस्सा रहा है और 200 विकेट तक पहुंचना निश्चित रूप से एक खास उपलब्धि है। जो बात इसे और भी ज्यादा मायने रखती है, वह है कि मेरी आईपीएल यात्रा असल में आरसीबी के साथ ही शुरू हुई थी, इसलिए यहां वापस आकर यह उपलब्धि हासिल करना मेरे लिए एक पूरे चक्र के पूरे होने जैसा अनुभव है।”
इस फॉर्मेट में अपनी गेंदबाजी के तरीके पर बात करते हुए भुवनेश्वर ने कहा, “इस तरह की उपलब्धियां हासिल करना हमेशा उसी मेहनत का नतीजा है, जो आप सालों तक रोजाना करते हैं। यह खेल अब और मुश्किल होता जा रहा है, खासकर गेंदबाजों के लिए। इसके साथ ही अब यह सिर्फ हुनर की बात नहीं रही, बल्कि यह हालात के हिसाब से ढलने और बल्लेबाजों को चुनौती देने के नए-नए तरीके ढूंढ़ने के बारे में भी है, चाहे वह गेंद में बदलाव करके हो या फील्ड की अलग-अलग जमावट करके। हम अक्सर कहते हैं कि यह बल्लेबाजों का खेल है, लेकिन मुझे लगता है कि गेंदबाज भी उनके लिए चीजें मुश्किल बनाने का अच्छा काम कर रहे हैं।”

