ग्लासगो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बुधवार को पुरुषों के 90 किग्रा+ वर्ग के क्वार्टरफाइनल में समोआ के माइकल सेको को 3-2 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर देश के लिए एक और पदक पक्का किया। इसके साथ ही नरेंद्र सेमीफाइनल में भी पहुंच गए हैं।
एक कड़े मुकाबले में, नरेंद्र ने एक जज के स्कोरकार्ड पर पहला राउंड हारने के बाद जबरदस्त वापसी की और शेष राउंड में अपना संयम बनाए रखते हुए समोआ के हैवीवेट बॉक्सर को हराया। पांच में से तीन जजों ने भारतीय बॉक्सर के पक्ष में 28-27 स्कोर दिया, जबकि बाकी दो जजों ने सेको को 28-27 अंक दिए।
भारतीय हैवीवेट बॉक्सर ने हिम्मत और मजबूती दिखाई। उन्होंने दो बराबरी के मुक्केबाजों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में, निर्णायक पलों में बेहतर पंच मारकर उन्होंने ज्यादातर जजों को अपने पक्ष में कर लिया।
इसी के साथ नरेंद्र सेमीफाइनल में पहुंच गए और कॉमनवेल्थ गेम्स के बॉक्सिंग फॉर्मेट के तहत कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर लिया, क्योंकि यहां सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों मुक्केबाजों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है। अब नरेंद्र की नजरें फाइनल में जगह बनाने और कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर हैं।
नरेंद्र कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाले आठवें भारतीय मुक्केबाज बन गए हैं। उनसे पहले प्रीति, प्रिया, जादुमनी सिंह, साक्षी, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश ने भी अपनी-अपनी वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में प्रिया ने स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी, जिसके बाद प्रीति ने (54 किग्रा वर्ग) नॉर्दर्न आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया। पुरुषों के 55 किग्रा क्वार्टरफाइनल मुकाबले में म्वाले म्वेंगो को 5-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
बुधवार को सचिन से पहले साक्षी और अरुंधति ने अपनी-अपनी वेट कैटेगरी में भारत के लिए मेडल सुनिश्चित किए। महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टरफाइनल में साक्षी ने नॉर्दन आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 से हराया, जबकि अरुंधति चौधरी ने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 से मात दी। वहीं, पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में सचिन सिवाच ने बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी को 5-0 से मात दी।

