आईपीएल 2026: बारिश ने खेल को रोका, केकेआर ने 2 विकेट खोकर 25 रन बनाए

0
7

कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच सोमवार को ईडन गार्डन्स में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 12वां मैच बारिश की वजह से रुक गया है। फिलहाल 3.4 ओवरों के खेल तक केकेआर ने 2 विकेट खोकर 25 रन बना लिए हैं।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही। इस टीम ने 1.4 ओवरों में फिन एलन (6) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए कैमरून ग्रीन मैदान पर उतरे। उन्होंने अपनी पहली गेंद पर चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर प्रभसिमरन सिंह को कैच थमा बैठे।

जेवियर बार्टलेट एक ही ओवर में दो सफलता हासिल कर चुके थे। अंगकृष रघुवंशी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन 3.4 ओवर के बाद बारिश ने खेल रोक दिया। फिलहाल कप्तान रहाणे 6 गेंदों में 1 चौके के साथ 8 रन बना चुके हैं, जबकि रघुवंशी 7 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद हैं।

केकेआर की टीम इस मैच में दो बदलावों के साथ उतरी है। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर रोवमैन पॉवेल और नवदीप सैनी को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया गया है, जबकि पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।

केकेआर को जीत का खाता खोलने का इंतजार है। यह टीम इस सीजन के शुरुआती दो मुकाबले गंवाकर 9वें स्थान पर मौजूद है। इस टीम को मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से मात दी थी। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रन से हराया। वहीं, पंजाब किंग्स जीत की हैट्रिक लगाने को बेताब है। गुजरात टाइटंस के विरुद्ध अपना पहला मैच 3 विकेट से जीतने के बाद इस टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से मात दी।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।