पुलिस टीम और बदमाशों में मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली

0
7

गाजियाबाद, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने स्वाट टीम, अपराध शाखा और मोदीनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक वांछित व इनामी अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके एक अन्य साथी को भी कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मोदीनगर और थाना निवाड़ी में दर्ज मामलों में वांछित 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी अपने साथी के साथ आल्टो कार से मोदीनगर से अपने गांव दौसा बंजारपुर की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गदाना गांव के आगे चेकिंग अभियान शुरू किया।

इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध आल्टो कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर कार सवार बदमाश चकरोड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी कार से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया।

घायल आरोपी की पहचान जलवीर उर्फ जल्लू (50) निवासी दौसा बंजारपुर, थाना भोजपुर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। वह कई गंभीर मामलों में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पूछताछ में उसने हाल ही में हिस्ट्रीशीटर राहुल कालू पर फायरिंग की घटना में भी शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस ने उसके साथी जतिन शर्मा (35) निवासी कड़कड़डूमा, दिल्ली को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। जलवीर पर हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जिनमें कुछ दिल्ली की अदालतों में विचाराधीन हैं। मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्टल (.32 बोर), पांच कारतूस, एक कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही कई मामलों के खुलासे हो सकते है। इसके लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है जो आरोपी के बयान के आधार पर कार्रवाई करेगा। अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।