भोपाल : 7 अप्रैल 2026/ अयोध्यानगर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 10 पेटी (90 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन सहित कुल लगभग 1.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
दोनों आरोपी रायसेन और विदिशा जिले से सस्ते दाम पर शराब खरीदकर भोपाल में अवैध होम डिलीवरी कर रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि दोनों आरोपी पहले भी शराब तस्करी और अन्य आपराधिक प्रकरणों में जेल जा चुके हैं।
ऐसे हुई कार्रवाई
डीसीपी जोन-2 श्री विवेक सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व वाली टीम को सूचना मिली कि डी सेक्टर दशहरा मैदान, अयोध्यानगर में दीवार के किनारे काले रंग की एक्टिवा पर दो व्यक्ति एक थैले में अवैध शराब रखकर बेचने की फिराक में खड़े हैं। इस सूचना पर तत्काल टीम बनाकर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने मौके से रवि शर्मा उर्फ राज शर्मा और मनीष साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गोवा कंपनी की व्हिस्की की कुल 10 पेटी (90 लीटर) अंग्रेजी शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन बरामद किया।
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब ठेका बदलने के दौरान सस्ते दामों पर रायसेन और विदिशा जिले से शराब खरीदकर भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध होम डिलीवरी कर तस्करी कर रहे थे। ठेका परिवर्तन के समय मुनाफा कमाने के उद्देश्य से उन्होंने यह शराब खरीदी थी।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पहला आरोपी रवि शर्मा उर्फ राज शर्मा (32 वर्ष) मूल रूप से पिपलानी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में अयोध्या नगर में रहता है। वह चाय की दुकान चलाता है। उसके खिलाफ अब तक 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम, मारपीट, धमकी और अन्य धाराएं शामिल हैं। वह पहले भी क्राइम ब्रांच, पिपलानी और अयोध्यानगर थानों में दर्ज शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
दूसरा आरोपी मनीष साहू (32 वर्ष) अयोध्या नगर और अशोका गार्डन थाना क्षेत्रों में रहता है। उसके खिलाफ अब तक 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें आबकारी अधिनियम, मारपीट और अन्य धाराएं शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश
पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी (भापुसे) द्वारा नगरीय क्षेत्र भोपाल में अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लगातार निर्देश जारी किए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री विवेक सिंह (भापुसे), अपर पुलिस उपायुक्त श्री गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त एमपीनगर संभाग श्री मनीष भारद्वाज (भापुसे) के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री महेश लिल्हारे, उनि. सुदील देशमुख, उनि. विजय कलचुरी, सउनि. मनोज कछवाह, प्रआर 1177 अमित व्यास, प्रआर 3178 बृजेश सिंह, प्रआर 2233 रूपेश सिंह जादौन, प्रआर 3330 अतुल सिंह, महिला प्रआर 1706 रोशनी जैन, आर 3040 अजय कुमार, आर 1055 प्रदीप दामले एवं टेक्निकल सेल के आर 3457 भूपेन्द्र उईके, आर 4064 जितेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


