भोपाल 9 अप्रैल (आईएएनएस) मध्य प्रदेश में गुरुवार से गेहूं खरीदी का सिलसिला शुरू हो गया है। राज्य में इस बार तय समर्थन मूल्य 2585 पर राज्य सरकार की ओर से 40 रूपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। इस तरह राज्य में 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी हो रही है। खरीदी की शुरुआत के मौके पर उपार्जन स्थलों पर किसानों का स्वागत किया गया।
राज्य में उपार्जन वर्ष 2026-27 में गेहूं उपार्जन के लिए 19 लाख चार हजार 644 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। गेहूं उपार्जन के लिए इस वर्ष प्रदेश में कुल 3627 उपार्जन केंद्र बनाये गये हैं। बीते उपार्जन वर्ष 2025-26 में 15 लाख 44 हजार 55 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन कराया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गेहूं खरीदी के दौरान सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है।
गेहूँ की प्रति क्विंटल कीमत को वर्तमान स्तर तक लाना बड़ी चुनौती थी, हम इसे 2700 रूपये प्रति क्विंटल तक ले जाएंगे। किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलवाना हमारी प्रतिबद्धता है। हम जनता की सेवा करना चाहते हैं, इसी उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों पर गेहूँ खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गई है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य के उपार्जन केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित हैं, जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से संपूर्ण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपार्जन केंद्रों पर पंपलेट और होर्डिंग के द्वारा भी किसानों को व्यवस्था के संबंध में जानकारियां दी गई हैं। राज्य में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उपार्जन केन्द्रों पर आने वाले किसानों को उनके कल्याण तथा हित से जुड़ी शासन की योजनाओं से भी अवगत कराया जा रहा है।
उपार्जन केन्द्रों पर सुबह से ही किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। आज पहुंचने वाले छोटे और सीमांत किसान है, क्योंकि सरकार ने फैसला लिया है कि सबसे पहले छोटे और सीमांत किसानों की उपज की खरीदी की जाएगी। प्रदेश किसान मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर पहुंचकर किसानों का टीका, माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
इंदौर स्थित लक्ष्मीबाई नगर मंडी में गेहूं उपार्जन के प्रथम दिवस का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा मंडी में पहुंचे सभी किसान भाइयों का सम्मान किया गया तथा मिठाई खिलाकर तुलाई प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के प्रति सम्मान एवं सरकार की किसान हितैषी नीतियों का सशक्त संदेश दिया गया।
–आईएएनएस
एसएनपी/पीएम

