ड्रग नेटवर्क तोड़ने के लिए हैदराबाद पुलिस ने अपराधियों का किया टेस्ट, कमिश्नर ने घर पहुंचकर दी चेतावनी

0
7

हैदराबाद, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग ने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों पर सख्ती करने का फैसला किया है। हैदराबाद पुलिस ने पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के सभी आदतन अपराधियों का ड्रग टेस्ट करना शुरू कर दिया है।

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने पूरे कमिश्नरेट में 1,300 राउडी शीटर्स (आदतन अपराधी) की पहचान की है।

शुरुआत में, अधिकारियों ने 250 राउडी शीटर्स का परीक्षण किया, जिनमें से 190 पॉजिटिव पाए गए। इनमें से अधिकांश लोग गांजा का सेवन करते पाए गए। जो लोग पॉजिटिव पाए गए, उन्हें नशामुक्ति केंद्रों में भेज दिया गया।

यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि उसका मानना है कि नशीले पदार्थों के सेवन और बढ़ते अपराधों के बीच गहरा संबंध है। कहा जाता है कि बार-बार अपराध करने वाले कई लोग नशीले पदार्थों के आदी होते हैं। इसे अपराध बढ़ने का एक प्रमुख कारण माना जाता है। अधिकारियों का मानना है कि ड्रग टेस्ट से पुलिस को बार-बार अपराध करने वालों तक ड्रग्स पहुंचाने वाले स्रोतों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग नशीले और मादक पदार्थों के स्रोतों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि वे आपूर्तिकर्ताओं और वितरण नेटवर्क की पहचान कर लेंगे। यह अभियान तेलंगाना को नशामुक्त बनाने के लिए अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।

तेलंगाना पुलिस की एक विशेष शाखा ‘एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट’ (ईगल) फोर्स नशीले पदार्थों के खतरे पर रोक लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी नजर रखने के लिए पहले ही कदम उठा लिए थे।

हाल ही में हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने आधी रात को ‘राउडी शीटर्स के घरों का दौरा करके सभी को चौंका दिया। इस दौरान उन्होंने उनके आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा जीवनशैली की जांच की और उन्हें अपराधों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी।

बिना किसी पुलिस सायरन या शोर-शराबे के वह सीधे एमडी लाइन्स, हाशिम नगर और डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले अपराधियों के घरों पर पहुंच गए। शीर्ष पुलिस अधिकारी ने उपद्रवियों को जगाया और उनके आपराधिक इतिहास, मौजूदा जीवनशैली, आजीविका और सामाजिक व्यवहार के बारे में पूछताछ की।

पुलिस कमिश्नर ने उन्हें चेतावनी दी कि अगर वे दोबारा अपराध करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें अपनी आपराधिक आदतें छोड़कर सही रास्ते पर आने की सलाह दी गई।