इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कोस्टा रिका के फैसले को सराहा, आतंकवाद के खिलाफ बताया बड़ा कदम

0
8

नई द‍िल्‍ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस रोबल्स के उस फैसले की सराहना की है, जिसमें उन्होंने आईआरजीसी, हिज्बुल्लाह, हमास और हूती को आतंकवादी संगठन घोषित किया। उन्‍होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत वैश्विक संदेश बताया।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”मैं कोस्टा रिका के राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस रोबल्स की सराहना करता हूं कि उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), हिज्‍बुल्लाह, हमास और हूती को आतंकवादी संगठन घोषित किया है।”

नेतन्याहू ने कहा क‍ि यह आतंकवाद के विरुद्ध एक स्पष्ट बयान है। आतंकवाद मध्य-पूर्व और संपूर्ण विश्व के लिए खतरा है। ईरानी शासन और उसके नरसंहारकारी गुर्गों का मुकाबला करने के लिए ऐसे दृढ़ कदम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इजरायल की सुरक्षा को लेकर बेंजामिन नेतन्याहू का रुख एकदम साफ है। अमेर‍िका-ईरान युद्ध व‍िराम का उन्‍होंने समर्थन जरूर क‍िया लेक‍िन तभी यह स्‍पष्‍ट कर द‍िया था क‍ि यह सीजफायर लेबनान पर लागू नहीं होता है। इस‍को लेक‍र नेतन्याहू पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ को भी सख्‍त चेतावनी जारी कर चुके हैं।

अमेर‍िका-ईरान सीजफायर की घोषणा के कुछ घंटे बाद ही इजरायल ने लेबनान में हिज्बुल्लाह पर बड़ा हमला कर दिया था। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी निंदा हुई। अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर की मध्यस्थता करने वाले पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इजरायल के इस हमले को लेकर कुछ ऐसा कहा, जिससे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भड़क उठे।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पाकिस्तान को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि इजरायल के विनाश की बात को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। पीएम नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का इजरायल को खत्म करने का आह्वान बहुत बुरा है। यह ऐसा बयान नहीं है जिसे किसी भी सरकार से बर्दाश्त किया जा सके, खासकर उस सरकार से जो शांति के लिए न्यूट्रल आर्बिटर होने का दावा करती है।”

दरअसल, पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “इजरायल बुरा है और इंसानियत के लिए श्राप है। इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, लेबनान में नरसंहार हो रहा है। इजरायल बेगुनाह नागरिकों को मार रहा है, पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान, खून-खराबा लगातार जारी है।”