Friday, August 7, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth एम्स पटना में 75 पदों पर निकली वैकेंसी, जनरल सर्जरी सहित कई...

एम्स पटना में 75 पदों पर निकली वैकेंसी, जनरल सर्जरी सहित कई विभागों में करियर बनाने का मौका

0
29

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स पटना) ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 75 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एम्स पटना ने जिन विभागों में 75 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी और ऑप्थैल्मोलॉजी के 4-4; एनाटॉमी, इमरजेंसी मेडिसिन, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, फार्माकोलॉजी, रेडियो-डायग्नोसिस और ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन और ब्लड बैंक के 2-2; बायोकेमिस्ट्री, डर्मेटोलॉजी, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, माइक्रोबायोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स व फिजिकल मेडिसिन और रिहैबिलिटेशन के 1-1; सीटीवीएस, सीएफएम और साइकेट्री के 3-3; जनरल सर्जरी और क्लिनिकल हेमेटोलॉजी के 5-5; जनरल मेडिसिन और पैथोलॉजी/लैब मेडिसिन के 9-9; और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के 6 पद शामिल हैं।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों के पास संबंधित विभाग अनुसार एमडी/एमएस/डीएनबी/डीएम/एमसीएच या समकक्ष पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री एनएमसी/एनबीई द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से होना चाहिए।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन वाक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 1,500 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,200 रुपए तय किया गया है। वहीं, पूर्व सैनिक/महिलाएं/दिव्यांग कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

एम्स पटना की ओर से विभाग अनुसार इंटरव्यू का आयोजन 16 से 18 अप्रैल तक ‘समिति कक्ष, प्रशासनिक भवन, एम्स पटना’ में सुबह 10.00 बजे से किया जाएगा। वहीं, इंटरव्यू में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स के रिपोर्ट का समय ‘ई-क्लासरूम, प्रशासनिक भवन, एम्स पटना’ पते पर सुबह 9.00 बजे तय किया है। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को केंद्र पर समय से पहुंचने के साथ अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें, वॉक-इन-इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दिन ही उन्हें केंद्र पर एप्लीकेशन फॉर्म ऑफलाइन माध्यम से जमा कर निर्धारित रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करना होगा। वहीं, भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवारों को ऑफिशियल वेबसाइट पर जाने के बाद वहां संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।