पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले में एक इंटर की छात्रा ने पिस्टल के बल पर हुए कथित दुष्कर्म के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना नालंदा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि वारदात के करीब 12 घंटे बाद आहत होकर छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठाया। छात्रा के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक पूर्व वार्ड कमिश्नर के बेटे पर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता ने बताया कि घटना की रात वे लोग खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। रात करीब 9 बजे जब वे लौटे तो उन्होंने बेटी के चीखने की आवाज सुनी। घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि पड़ोस का एक युवक वहां मौजूद था और उसके हाथ में पिस्टल थी। आरोप है कि युवक ने पिस्टल दिखाते हुए परिजनों को धमकाया और कहा कि अगर वारदात की जानकारी किसी को दी तो पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी।
परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी का पिता (पूर्व वार्ड कमिश्नर) भी वहां पहुंचा और इज्जत का हवाला देकर मामले को दबाने का दबाव बनाया। परिजनों के अनुसार, चुनावी रंजिश के कारण आरोपी पक्ष उनसे खुन्नस रखता था।
धमकी और डर के कारण सहमा हुआ परिवार रात में पुलिस के पास नहीं जा सका। परिजनों ने बेटी को सांत्वना दी कि उसे जरूर इंसाफ दिलाएंगे। गेहूं की कटाई का समय होने के कारण सुबह तड़के परिजन फिर से खेत की ओर चले गए। जब सुबह करीब 9 बजे छात्रा की मां वापस लौटीं तो देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। दीवार के सहारे झांककर देखने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। छात्रा ने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर अपनी जान दे दी थी।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी बेखौफ होकर गांव में ही घूम रहा है और पुलिस प्रशासन को चुनौती दे रहा है।
मामले को लेकर राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लड़की ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि परिजनों द्वारा शुरुआती दौर में प्रेम-प्रसंग की बात भी कही गई थी, लेकिन यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों को देखते हुए इस बिंदु पर भी गहराई से जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के कपड़े और अन्य अहम सबूत जब्त किए हैं। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का पूरा सच सामने आ सकेगा। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

