दिल्ली के गाजीपुर में मामूली विवाद में युवक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

0
3

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मृतक की पहचान रंजीत कुमार पंडित (34) के रूप में हुई है, जो झारखंड के गोड्डा जिले का रहने वाला था।

जांच में यह सामने आया है कि घटना के समय रंजीत कुमार पंडित अपने दो परिचितों, मोहम्मद मोहफिज (38), निवासी सहरसा, बिहार और मूलचंद्र (33), निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश, के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर एक मामूली बात पर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी मूलचंद्र ने गुस्से में आकर लकड़ी के पटरे से रंजीत के सिर पर जोरदार वार किया। वहीं, दूसरे आरोपी मोहम्मद मोहफिज ने उसे पकड़ रखा था, जिससे वह खुद को बचा नहीं सका। इस हमले में रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में रंजीत को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।