प्ले से पहले गणपति बप्पा को अनुपम खेर ने सुनाई स्क्रिप्ट, मांगा बहुत सारा आशीर्वाद

0
10

मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार अनुपम खेर फिल्मों के साथ-साथ थिएटर में ज्यादा सक्रिय हो चुके हैं और अपने कई नए नाटकों पर काम कर रहे हैं।

उनका लेटेस्ट हिंदी म्यूजिकल नाटक जाने पहचाने अनजाने को खूब पसंद किया जा रहा है। हालांकि अब लगता है कि वे किसी नए नाटक की तैयारियों में लगे हैं लेकिन उससे पहले गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे।

अनुपम खेर ने थिएटर के अपने करियर की शुरुआत की थी लेकिन अब उम्र के इस पड़ाव पर आकर उन्होंने दोबारा थिएटर करना शुरू कर दिया है। अभिनेता ‘जाने पहचाने, अनजाने’, कुछ भी हो सकता है’ और अन्य नाटकों पर काम कर रहे हैं, लेकिन अब वे अपने नाटक की स्क्रिप्ट को लेकर सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बप्पा के सामने स्क्रिप्ट की कुछ लाइनों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “नाटक के मंचन वाले दिन मैं और स्वरूप सम्पत नाटक की स्क्रिप्ट लेकर सिद्धिविनायक मंदिर गए और दिल की आत्मा से प्रार्थना की! नाटक की सफलता के लिए, हम सबकी और आपकी सुख, शांति और समृद्धि के लिए! गणपति बप्पा मोरियाँ! मंगलमूर्ति मोरया!”

इससे पहले उन्होंने हिंदी म्यूजिकल नाटक जाने पहचाने अनजाने की झलकियाँ शेयर की थीं, जिसमें वे शो की ऑडियंस के साथ तालमेल बना रहे थे। खास बात यह है कि इस प्ले का नाम किरण खेर ने सुझाया था। इतना ही नहीं, शाहरुख खान और काजोल की सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे का नाम भी किरण खेर ने ही दिया था।

नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ एक हिंदी म्यूजिकल शो है, जिसका संगीत अनु मलिक ने दिया है और गाने शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी जोशी ने मिलकर गाए हैं। गानों के लिरिक्स कौसर मुनीर ने लिखे हैं। नाटक शुरू होने से पहले अनुपम खेर ने संगीत के दिग्गज कलाकारों के साथ मिलकर इसका संगीत तैयार किया था और अपकमिंग शो की जानकारी भी दी थी। यह नाटक आज के समय के उन रिश्तों की कहानी को बयां करता है, जो दिखने में तो अपने जैसे लगते हैं लेकिन असल में बिल्कुल अजनबी की तरह होते हैं।